आम आदमी पार्टी की बॉबी किन्नर पार्षद पर FIR दर्ज करने के आदेश
नई दिल्ली, संवाददाता: एस के आर
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर देश की राजधानी दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं का विवादों से पुराना नाता है। इस बार भ्रष्टाचार का आरोप आप के एक ऐसे नेता पर लगा है, जिन्होंने दिल्ली के पिछले निगम चुनाव में सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था। जी हाँ, हम बात कर रहे हैं आम आदमी पार्टी की पहली ट्रांसजेंडर निगम पार्षद बॉबी किन्नर की, जिनपर दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
बॉबी किन्नर पर आरोप है कि उन्होंने निगम चुनाव के दौरान फर्जी जाति प्रमाण पत्र का इस्तेमाल किया। यह आरोप कांग्रेस की प्रत्याशी वरुणा ढाका ने लगाया था, जो बॉबी किन्नर के सामने चुनाव में खड़ी हुई थीं। ढाका ने आरोप लगाया था कि बॉबी किन्नर ने अपना नाम और जाति छिपाकर चुनाव लड़ा और अनुसूचित जाति की महिला सीट के लिए आरक्षित वार्ड 43A से चुनाव जीता।
इस मामले पर कोर्ट ने सुनवाई करते हुए बॉबी किन्नर पर FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने पाया कि बॉबी किन्नर ने चुनाव में फर्जी जाति प्रमाण पत्र का प्रयोग किया था। वरुणा ढाका ने इस मामले को अदालत में ले जाकर बॉबी किन्नर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद कोर्ट ने यह आदेश जारी किया।
वरुणा ढाका के वकील सत्य नारायण शर्मा ने मीडिया को इस मामले की जानकारी दी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयकिशन और पूर्व पार्षद प्रत्याशी वरुणा ढाका ने इसे कानून की जीत बताते हुए बॉबी किन्नर की पार्षद सदयस्ता को निरस्त करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। जयकिशन ने आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला और कहा कि आप पार्टी और उसके सभी नेता पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
इस मामले के बाद आम आदमी पार्टी की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। पहले से ही आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद हैं और अब यह प्रकरण भी कहीं न कहीं आप को भारी पड़ सकता है।
रिपोर्ट: Skrnews