लापता हुईं दो किशोरियों को मेट्रो पुलिस ने खोजकर परिजनों को सौंपा
संवाददाता:(एसकेआर)
नई दिल्ली। दिल्ली में घर से लापता हुईं दो किशोरियों को मेट्रो पुलिस ने अलग-अलग जगहों से बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। दोनों की उम्र 16-16 वर्ष बताई गई है। ये गोविंदपुरी व जाफरपुर स्थित अपने-अपने घरों से लापता हुई थीं। दिल्ली पुलिस (मेट्रो) के पुलिस उपायुक्त जितेंद्र मणि के मुताबिक, गत 10 दिसंबर 2020 को मेट्रो पुलिस ने लापता लड़कियों व बच्चों को ढूंढने के लिए 'मिलाप' नाम से आपरेशन की शुरुआत की थी। किशोरियों को तलाशकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर 2020 से अब तक मेट्रो पुलिस द्वारा दिल्ली एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से चार दिव्यांग लड़कों व 11 महिलाओं सहित 541 से अधिक लापता बच्चों का पता लगा कर उन्हें बरामद किया है।